गांव गतौली के राजकीय कन्या स्कूल के प्रांगण में बरसात का पानी भर गया। स्कूल की छात्राओं को प्रांगण में भरे पानी से निकलना पड़ रहा है, लेकिन विभाग की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। सोमवार को क्षेत्र में हुई बरसात के दौरान स्कूल में बाहर का पानी आ गया। स्कूल का पूरा प्रांगण पानी से लबालब हो गया। इसके कारण से स्कूल में पढ़ रही लगभग 200 छात्राओं को मंगलवार को अपने क्लास रूम तक पहुंचने के लिए पानी से होकर निकलना पड़ा। लड़कियों को पानी के अंदर से होकर टॉयलेट के लिए जाना पड़ रहा है।
बरसात का पानी ठहरने से स्कूल में गंदगी का आलम बना है और मच्छर पैदा हो रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल का लेवल नीचा होने के कारण बरसात का पानी स्कूल में इकट्ठा हो रहा है और पानी के बाहर निकलने की कोई भी व्यवस्था नहीं है। इस संबंध में ग्रामीण और स्कूल प्रशासन अधिकारियों को अवगत करवा चुका है, लेकिन इसका समाधान नहीं हो पा रहा है।
यह समस्या काफी दिनों से बनी हुई है। स्कूल का लेवल सड़क के लेवल से नीचा है। इसलिए बरसाती पानी की निकासी नहीं हो पाती। हमने ग्राम पंचायत और सरपंच को समस्या के बारे में अवगत करवा दिया है। सरपंच ने आश्वासन दिया है कि मौसम के साफ होते ही मिट्टी डालकर स्कूल का लेवल सड़क के लेवल से ऊंचा किया जाएगा।
बलजीत सिंह, मुख्याध्यापक गतौली।