फसल बीमा योजना के विरोध में तथा डॉ. स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मंाग करते हुए इनेलो ने बुधवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान मांगों ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा गया। इस दौरान इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रामपाल माजरा ने कहा कि भाजपा किसानों से पैसे लूट कर खुलेआम बड़ी-बड़ी कंपनियों को फायदा पहुंचा रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों को खुलेआम लूटा जा रहा है। इससे किसानों को कोई फायदा नहीं होगा, बल्कि निजी कंपनियों को 18 हजार करोड़ रुपये का लाभ होगा। रामपाल माजरा ने कहा कि फसल बीमा योजना किसानों के साथ धोखा और मात्र औद्योगिक घरानों को फायदा पहुंचाने की योजना है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के रुप में किसानों को भाजपा सरकार ने केवल झुनझुना पकड़ाने के अलावा ओर कुछ नहीं किया। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले किसानों से वायदा किया था कि स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू की जाएगी और सत्ता में आने के बाद किसानों को उनकी फसलों की लागत मूल्य पर 50 फीसदी मुनाफा देने का वादा किया था, लेकिन आज उन्हें मुनाफा तो दूर लागत मूल्य भी नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने बैंकों से कर्ज लिया है, उनका जबरदस्ती प्रीमियम काटा जा रहा है, जो किसानों के हितों पर कुठाराघात है। इस दौरान इनेलो के जिला प्रधान कलीराम पटवारी, पिरथी नंबरदार, विधायक डॉ. हरिचंद मिढ़ा, युवा इनेलो प्रभारी प्रदीप गिल, सुदेश चोपड़ा, दयानंद कुंडू, कृष्णा बधाना, डॉ. कृष्ण मिढ़ा, सतीश पिंडारा, कुलदीप गिल व बलदेव वाल्मीकि मौजूद रहे।
सरकार के पास नहीं किसानों के लिए विजन
विधायक परमेंद्र सिंह ढुल ने कहा कि सरकार के पास किसानों के लिए कोई विजन नहीं है। सरकार के लोग सिर्फ कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। आज किसान की हालत यह है कि उसकी लागत भी पूरी नहीं हो रही और सरकार स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की बजाये उसे बरगला रही है।