दहेज प्रताड़ना के आरोप में हांसी अदालत में पेशी पर गए युवक विकास के लापता होने के मामले को लेकर निडानी गांव के लोगों ने शनिवार को जींद-गोहाना मार्ग पर जाम लगा दिया। परिजनों का कहना है कि विकास को लापता हुए 13 दिन हो चुके हैं, लेकिन पुलिस उसकी बरामदगी के लिए कुछ नहीं कर रही है।
इसके लिए वह सरकार के मंत्रियों से लेकर पुलिस विभाग के आला अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन उनकी कहीं पर भी सुनवाई नहीं हो रही। जाम की सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी धर्मबीर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। बाद में तहसीलदार रामफल कटारिया, डीएसपी कुलवंत बिश्नोई मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीण उनकी भी सुनने के लिए तैयार नहीं हुए।
बाद में जाम लगा रहे लोगों के बीच में इनेलो विधायक परमेंद्र सिंह ढुल पहुंचे और उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण जाम खोलने को तैयार हुए। लगभग ढाई घंटे मार्ग बाधित होने के चलते वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
गांव निडानी निवासी रामरतन ने बताया कि उसके बेटे विकास की वर्ष 2012 को हिसार जिले के गांव माजरा प्याऊ निवासी निर्मला के साथ हुई थी। वर्ष 2014 में निर्मला ने उन पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करा दिया और वह हांसी अदालत में विचाराधीन है। एक फरवरी को विकास अदालत में पेशी गया था। जहां से उसके ससुरालीजनों ने योजनाबंद तरीके से अपहरण कर लिया।
इसके लिए उन्होंने हांसी पुलिस को शिकायत दी, लेकिन पुलिस अब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं कर रही है। जब शुक्रवार को अपने बेटे की बरामदगी के लिए जींद में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु से मिलने के लिए गए तो उन्होंने भी उनकी सुनवाई नहीं की।
इसके अलावा वह हिसार रेंज के आईजी से लेकर आला अधिकारियों से मिल चुके हैं और उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर उनके बेटे को बरामद नहीं किया गया तो वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर होंगे। जाम लगाने पर तहसीलदार रामफल कटारिया और डीएसपी कुलवंत बिश्रोई ग्रामीणों के बीच में पहुंचे और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, लेकिन परिजनों ने उनकी सुनने से इंकार कर दिया।
काफी देर जाम रहने के बाद इनेलो विधायक परमेंद्र सिंह ढुल ग्रामीणों के बीच में पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह विकास की बरामदगी के लिए हर कदम उठाएंगे और इस मामले की जांच पुलिस के उच्च अधिकारियों से कराने के लिए सरकार से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके साथ नाइंसाफ नहीं होने दिया जाएगा और वह लापता हुए युवक विकास के परिजनों के साथ है।
इसके बाद ग्रामीण जाम खोलने के लिए तैयार हो गए। बाद में लापता हुए युवक के परिजनों एसएसपी अभिषेक जोरवाल से मिले और मामले की स्पेशल जांच की मांग की। इस पर एसएसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि इसके लिए हिसार रेंज के आईजी के पास उनकी शिकायत भेज दी है और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।