सोनीपत जिले के बुटाना में दो पुलिस कर्मचारियों की हत्या के बाद फरार हुए बदमाशों का पीछा करते हुए सोनीपत और जींद पुलिस जब शाम को लगभग सात बजे रोहतक रोड पर स्थित एक घर में पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें दो इंस्पेक्टर, एक हेडकांस्टेबल व एक एएसआई समेत चार पुलिस अधिकारी घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को मार गिराया, जबकि एक फरार होने में कामयाब रहा तो एक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल गिरफ्तार गिए गए बदमाशों की पुलिस ने कोई पुष्टि नहीं की है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोनीपत के बुटाना में रात को अज्ञात बदमाशों ने दो पुलिस कर्मचारियों की हत्या कर दी थी और फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने रात को ही बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। मोबाइल लोकेशन के अनुसार सोनीपत पुलिस बदमाशों का पीछा करती हुई जींद पहुंची। यहां से जींद सीआईए पुलिस को साथ लेकर भगवान नगर के एक मकान तक पहुंचे। जब पुलिस कर्मचारी मकान के अंदर घुसने लगे तो बदमाशों ने पुलिस कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें सीआईए इंस्पेक्टर अनिल, साइबर इंस्पेक्टर प्रशांत, एएसआई मनदीप तथा हेडकांस्टेबल राजेश घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चला दी। इसमें अजमेर बस्ती निवासी बदमाश अमित की मौत हो गई। मौके से पुलिस ने संदीप तथा एक अन्य को काबू कर लिया, जबकि विकास फरार होने में कामयाब रहा। मौके पर पहुंचे सोनीपत के आईपीएस अधिकारी उदय सिंह मीणा, जींद से आईपीएस अधिकारी अजीत शेखावत, डीएसपी कप्तान सिंह, डीएसपी रविंद्र कुमार ने घायल पुलिस अधिकारियों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस गोली लगने से घायल अमित को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार अमित को 11 गोलियां लगी हुई थीं। मौके पर पुलिस की एक टीम भी मौजूद रही, जबकि शहर थाना प्रभारी रोहताश ढुल, सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार, सिविल लाइन थाना प्रभारी राजपाल नागरिक अस्पताल में पहुंचे।
पांच साल बाद हुआ जींद में एनकाउंटर
पांच साल पहले अगस्त 2015 में अलेवा में पुलिस जींद के भिड़ताना निवासी पवन का एनकाउंटर किया था। इसमें किठाना गांव के पास स्थित एक भोजनालय पर दो बदमाश पहुंचे थे। उन्होंने गल्ले से 80 हजार रुपये लूट लिए और पिस्तौल से फायर कर दिया। इसके बाद कैथल व जींद की पुलिस ने एनकाउंटर किया था। इस एनकाउंटर पर काफी बवाल भी हुआ था। परिजनों ने इसमें फर्जी एनकाउंटर के आरोप लगाए थे।
सोनीपत पुलिस बदमाशों का पीछा करते हुए जींद पहुंची। यहां रोहतक रोड पर जब एक मकान पर पुलिस ने दबिश दी तो बदमाशों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया। इसमें चार पुलिस अधिकारी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई पुलिस को गोली चलानी पड़ी। इसमें एक बदमाश अमित की मौत हो गई। कितने लोग गिरफ्तार हुए हैं या फरार हुए है, इस पर सोनीपत पुलिस कार्रवाई कर रही है।
अश्विनी शैष्णवी, डीआईजी, जींद।