सांपला से शुरू हुई जाट आरक्षण की आग अब धीरे-धीरे पूरे दूसरे जिले में भी फैलने लगी है। आंदोलन का असर लोगों पर पड़ता दिखाई दे रहा है।
रेल के बाद अब बसों का परिचालन भी बंद करना पड़ा। रोडवेज की आधी सेवाएं बंद हो चुकी हैं। दिल्ली की तरफ जाने वाली बसें तो सोमवार से ही बंद कर दी गई, मंगलवार को गोहाना रूट पर भी परिचालन रोकना पड़ा। दोपहर को गोहाना में जाट समुदाय द्वारा जाम लगाने की सूचना मिलते ही इस रूट पर भी बसों का परिचालन बंद कर दिया गया और इस रूट पर गई सभी बसों को लिंक मार्गों से वापस बुला लिया गया।
रेलवे द्वारा सभी पैसेंजर गाड़ियां रद्द किए जाने के बाद दिल्ली व नरवाना की तरफ जाने वाले यात्रियों ने बस स्टैंड का रुख किया। रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए रोहतक जाने वाली बसों का रूट बदलकर पानीपत रूट परिचालन शुरू किया गया है, ताकि यात्री पानीपत के रास्ते दिल्ली जा सकें। दिल्ली रात्रि स्टे करने वाली दो बसों को पानीपत के रास्ते दिल्ली भेजा गया। वाया पानीपत होकर जाने में जहां रास्ता लंबा पड़ने की वजह से यात्रियों को घंटों खराब करना पड़ा साथ ही किराया भी ज्यादा देने पड़ा।
रोडवेज को लाखों का हो रहा नुकसान
दिल्ली व गोहाना के लिए बसों का परिचालन बंद होने से रोडवेज को प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। मंगलवार सुबह लाखनमाजरा में रोडवेज की कई बसें फंसी रही। वहीं गोहाना गई कई बसों को लिंक मार्गों से वापस बुलाना पड़ा।
पैसेंजर गाड़ियां रद्द, लंबे रूट की गाड़ियां आ रही पानीपत के रास्ते
सांपला में रेलवे ट्रैक जाम होने की वजह से सभी पैसेंजर गाड़ियां सोमवार से ही रद्द चल रही हैं। वहीं लंबे रूट की सभी गाड़ियों को वाया पानीपत होकर निकाला जा रहा है। मंगलवार को समरगोपालपुर में जाम की वजह से जयपुर इंटर सिटी को रद्द कर दिया गया। रूट बदलने की वजह से सभी लंबे रूट की गाड़ियां अपने निर्धारित समय से तीन से चार घंटे देरी से चल रही हैं। जिले से प्रतिदिन करीब 30 हजार यात्री ट्रेन से यात्रा करते हैं। ऐसे में प्रतिदिन रेलवे को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।
रोहतक जाना है, नहीं है कोई साधन
रोहतक जाना है, लेकिन वहां के लिए कोई बस नहीं है। रेलवे स्टेशन पर गए, तो वहां भी रोहतक की तरफ जाने के लिए कोई ट्रेन नहीं है। अब तो जाना मुश्किल ही लग रहा है।
कर्णसिंह, कर्मचारी
नहीं पता, पानीपत का रास्ता कब खुलेगा
मुझे दिल्ली जाना है। पानीपत के रास्ते जाना पड़ेगा। यह भी निश्चित नहीं है कि पानीपत की तरफ का रास्ता कितनी देर खुला रहेगा। बीच रास्ते में भी फंस सकते हैं।
नरेंद्र, निडानी निवासी
रोहतक व गोहाना की तरफ रोका गया है परिचालन
रोहतक व गोहाना की तरफ बसों का परिचालन रोक दिया गया है और बीच रास्ते में फंसी बसों को वापस बुला लिया गया है। दिल्ली रात्रि स्टे करने वाली दो बसें पानीपत के रास्ते दिल्ली भेजी गई हैं।
सरूप सिंह, डीई, रोडवेज
जींद डिपो।
बॉक्स