फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हालात सुधरे, खेलु बाजार, राहत

Tue, 23 Feb 2016 11:26 PM IST
जींद/ अमर उजाला, ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
 
विज्ञापन

 जाट आंदोलन की आग में पिछले तीन दिन जल रहे शहर में मंगलवार को शांति की बयार बही। जिले के हालात तेजी से सामान्य होने लगे हैं। जींद का बाजार सामान्य दिनों की तरह खुला।
डीसी विनय सिंह और एसएसपी अभिषेक जोरवाल ने बाजार में जाकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिया। वहीं प्रशासन और कंडेला खाप के सभी जातियों के लोगों ने मीटिंग कर शांति बहाली के प्रयास किए। शाम के समय प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिया।
विज्ञापन

मंगलवार को रोडवेज ने भी बसों का परिचालन शुरू किया। दोपहर बाद भिवानी रूट पर मुुंढाल तक बस चलाई। इसके अलावा सफीदों, नरवाना, लुधियाना व कटरा के लिए भी बसें भेजी। बुधवार को परिवहन सेवा सामान्य होने की उम्मीद है। वहीं बाजार में व्यापारियों ने प्रशासन और सरकार से नुकसान की भरपाई की मांग की।

पिछड़ा वर्ग और व्यापारियों ने शांति बहाली की अपील
शहर के हालात सामान्य करने के लिए मंगलवार दोपहर पिछड़ा वर्ग, एससी ए संगठन और शहर के व्यापारियों ने मीटिंग बुलाई। इस दौरान पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सूर्य प्रकाश, एसी ए संगठन के देवीदास, व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष ईश्वर बंसल, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष विनोद आसरी, व्यापार मंडल के राधेश्याम, सैनी धर्मशाला के प्रधान करतार सैनी सहित कई लोग मौजूद रहे। इन लोगों ने कहा कि जिस प्रकार हिंसा भड़की है, वह सरकार की नाकामी है। साथ ही सभी लोगों ने कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी सांसद राजकुमार सैनी को बली का बकरा बना रही है, जो गलत है। उनके खिलाफ यदि कार्रवाई होती है तो इसका विरोध किया जाएगा।

माहौल बिगाड़ने वालों को डीसी ने हड़काया
जिस समय डीसी विनय सिंह व्यापारियों के बीच पहुंचे, कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की बात कर रहे थे। इसकी भनक डीसी को पहले से ही लग गई थी। ऐसे में डीसी ने एक नाम पुकारा कि यह कौन है। डीसी ने साफ शब्दों में कहा कि वह माहौल बिगाड़ रहे हैं और प्रशासन को इसकी जानकारी है।

नेताओं को सुनाई खरी-खरी
मंगलवार सुबह कुछ राजनेता व्यापारियों से बाजार खोलने के लिए अपील करने पहुंचे। इस दौरान व्यापारियों ने इन लोगों को खरी-खरीद सुनाई और हिंसा पर राजनीति करने के आरोप भी लगाए। नेताओं ने उनको अनसुना कर अपना प्रयास जारी रखा।

कॉलेज आज भी रहेंगे बंद
जिलाधीश विनय सिंह ने जिले में 24 फरवरी को भी कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। इन दोनों दिनों में शिक्षण संस्थाओं का शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक पूरा स्टॉफ कार्यालय समय में संस्थान में उपस्थित रहेगा। वहीं जिले भर के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल नियमित रूप से लगेंगे। स्कूलों की छुट्टियां नहीं की गई हैं।

पुलिस के व्यवहार पर उठाए सवाल
व्यापारियों ने डीसी को शिकायत की कि कुछ पुलिसकर्मी जबरन दुकान खुलवा रहे हैं और दुकानदारों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। इस पर डीसी ने आश्वासन दिया कि वे उस पुलिसकर्मी का नाम बताएं कार्रवाई की जाएगी, लेकिन पूरी पुलिस पर सवाल नहीं उठाएं। इसके बाद लोग शांत हो गए।

बाजार में पुलिस तैनात
व्यापारियों की मांग पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाजार में दो-तीन जगह पर पुलिस की तैनाती की। इसके बाद व्यापारियों ने पूरे बाजार को खोल दिया।

अधिकतर शिक्षण संस्थान रहे विरान
प्रशासन की छुट्टी की घोषणा के बाद मंगलवार को अधिकतम शिक्षण संस्थान तो खुल गए, लेकिन यहां विरानी ही छाई रही। गांवों के लिए परिवहन व्यवस्था सुचारू नहीं होने और शहर की स्थिति साफ नहीं होने के कारण कुछ निजी स्कूलों को छोड़कर अधिकतर स्कूल कॉलेजों में कम ही विद्यार्थी पहुंचे।

पुलिस के हटते ही होटल पर कर दिया हमला
पुराने बस स्टैंड पर स्थित होटल में सोमवार रात को उपद्रवियों ने आग लगा दी। जिससे हजारों रुपयों का नुकसान हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही एसडीएम सुमित कुमार व एएसपी वसीम अकरम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पिछले दो दिनों में उपद्रवियों ने अपोलो चौक स्थित मिष्ठान भंडार और पतराम नगर गेट पर स्थित होटल में तोड़फोड़ कर हजारों रुपयों का नुकसान किया था। इन्हीं घटनाओं पर संज्ञान लेकर प्रशासन ने सैनी होटल पर पुलिस तैनात कर दी थी। सोमवार रात को पुलिस कर्मी खाना खाने के लिए गए तो उसी समय उपद्रवियों ने बंद होटल में आग दी। होटल के मालिक सतीश सैनी ने बताया कि सोमवार रात्रि घटना से पहले पुलिस की पीसीआर तैनात थी।

 पुलिस कर्मी खाना खाने के लिए वहां से चले तो उपद्रवियों ने होटल पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि एक शट्टर के नीचे तेल की बोतल मिली जब कि दूूसरे के नीचे पॉलीथिन में तेल डालकर आग लगा दी। गनीमत रही कि ऊपर कमरे में होटल में काम करने वाले कर्मचारी मौजूद थे। कर्मचारियों ने तुरंत मालिकों और पुलिस को सूचना दी।

आग की सूचना पाकर काफी लोग होटल पर पहुंच गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में सहयोग किया। उसके बाद एसडीएम सुमित कुमार व एएसपी वसीम अकरम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।

सतीश कुमार ने बताया कि बाद में आए कई पुलिस वालों ने उनके ही लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। जिससे लोगों में रोष फैल गया। मंगलवार सुबह होटल के मालिकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। आग के कारण एलइडी, सीसी टीवी कैमरे, फर्नीचर सहित करीब पचास हजार रुपयों का नुकसान  हो गया।

नरवाना के सभी जाम खुले
नरवाना क्षेत्र में लगे सभी जाम सोमवार देर रात खोल दिए जिससे यातायात सुचारू रूप से शुरू हो गया। हरियल चौक से काफी लोग शाम को ही अपने घरों को चले गए थे लेकिन कुछ लोग देर रात तक बैठे रहे जिनको  पुलिस ने समझाकर उठा दिया। कालवन में रेलवे ट्रैक से लोगों ने जाम उठा दिया। अब देखना है कि ट्रेन के शुरू होती है।

शुरू हुई बस सेवा
नरवाना में दोपहर बाद रोडवेज बस को नरवाना से जींद व खनौरी के लिए रवाना किया गया। फिलहाल बीएसएफ के जवान शहर की सभी सरकारी जगहों पर तैनात हैं। शहर के चौक चौराहों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई। शांति बहाली का निरीक्षण करने के लिए एडीजीपी बीके सिंह ने नरवाना का दौरा किया। इस मौके पर सभी प्रशासनिक अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे।
बॉक्स
कांग्रेस नेता प्रमोद सहवाग ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील लोगों से की है। उन्होंने कहा कि  आपसी भाईचारा हमारे समाज की बुनियाद है। समाज की छत्तीस बिरादरी ने कंधे से कंधा मिलाकर जींद और हरियाणा के गौरव को आगे बढ़ाया है।

रेल परिचालन में लग सकता है कुछ समय
रेलवे ट्रैक से आंदोलनकारियों के हटने के बाद रेलवे ने रेल परिचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिल्ली बठिंडा रेलवे लाइन पर आंदोलन के दौरान हुई क्षति का जायजा लेकर उसे दुरुस्त किया जा रहा है। रेलवे सीपीआरओ नीरज शर्मा के अनुसार अभी रेल परिचालन में एक से दो दिन का समय लग सकता है। गौरतलब है कि जाट आरक्षण आंदोलन की वजह से एक सप्ताह से रेल सेवा पूरी तरह से ठप्प है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पांच हजार पेड़ चढ़े आंदोलन की भेंट
जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हरियाली पर भी खूब आरी चली और लगभग पांच हजार पेड़ इसकी भेंट चढ़ गए। वन विभाग द्वारा जिलेभर में स्थिति का जायजा लिया गया और नुकसान का आंकलन किया गया। जिला वन अधिकारी रणबीर सिंह ढुल ने बताया कि पूरे जिले में सर्वे किया गया है। नुकसान का आंकलन करके पेड़ों की कटाई करने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी जाएगी।

शांति व भाईचारा बनाने के लिए आगे आएं सभी समुदाय
जींद। भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह बरवाला की अध्यक्षता में पटियाला चौक के नजदीक टीकाराम हाउस में 36 बिरादरी के लोगों की बैठक हुई। बैठक में आपसी सौहार्द बना रहे, इसके बारे में निर्णय लेते हुए शहर में शांति मार्च निकालने का फैसला किया गया। बैठक में केयूके के पूर्व वीसी डॉ. एके चावला, नंदलाल मिगलानी, नरेश जैन, पंकज गुंबर, राजू, धनराज गोयल, कर्मपाल ढुल, राजा सैनी, अनिल बंसल, सुरेंद्र गोयल, जयप्रकाश जिलेदार, पूर्व इंस्पैक्टर महावीर ढांडा, सुरेंद्र मोर, बलदेव आहूजा, कृष्ण कुमार, सुरेंद्र मघान, जेपी यादव, संदीप नेगी, जयभगवान पांचाल, धीरा, होशियार आर्य, सूबेदार बलवान मान, बिजेंद्र सरपंच, किताब सिंह ढांडा मौजूद थे।

36 बिरादरी से बना है समाज, सभी का महत्वपूर्ण स्थान
जाट आंदोलन की आड़ में प्रदेश में जात-पात के नाम पर जहर घोलने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। सरकार को जाट आंदोलन के दौरान जिस भी व्यक्ति और व्यापारिक स्थान को नुकसान पहुंचाया गया है, उसकी पहचान करा सरकार उसके संपूर्ण नुकसान की जिम्मेदारी लेते हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। समाज 36 बिरादरी से बना हुआ है और प्रत्येक बिरादरी का समाज में अपना एक महत्वपूर्ण स्थान है। हरिचंद मिढ़ा, इनेलो विधायक
विज्ञापन

जींद।

भाईचारा खराब करने की कोशिश कर रहे कुछ शरारती तत्व
कुछ शरारती तत्व समाज का आपसी भाईचारा खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और तरह-तरह की अफवाहें फैला रहे हैं। कुछ राजनीतिक लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने में लगे हुए हैं, इन्हें आम आदमी की चिंता नहीं है। प्रदेशवासी किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और आपस में भाईचारा बनाए रखते हुए सौहार्द कायम रखें।
विनोद सैनी, जिला प्रधान
राष्ट्रीय सैनी पंचायत।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें