गांव शाहपुर के निकट सवारियों से भरी क्रूजर ट्राले से टकरा गई। टक्कर में क्रूजर के परखचे उड़ गए।
हादसे में क्रूजर में सवार एक लड़की सहित दो महिलाओं की मौैत हो गई जबकि 20 सवारियां घायल हो गईं। दो घायलों की गंभीर हालात को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जबकि एक दर्जन घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बताया जा रहा है कि हादसा ओवरटेक करते समय हुआ।
गांव नगूरां निवासी बिंद्र मंगलवार दोपहर को गांव किठाना से अपनी क्रूजर गाड़ी में 22 सवारियों को बैठाकर जींद के लिए चला। गांव शाहपुर के निकट ओवरटेक करते समय जींद की तरफ से जा रहे ट्राले से गाड़ी टकरा गई और गाड़ी के परखचे उड़ गए।
इसमें गाड़ी में सवार भिवानी रोड निवासी लवराज, उसके जीजा भिवानी निवासी अनूप, बहन पूनम, भांजा मनीष (3), भांजी काव्या (4), भिवानी रोड निवासी संतोष, उसका पति रामफल, बेटी प्रीति, गांव ईंटल खुर्द निवासी सुमित, गांव पंचपिसौली कैथल निवासी बाबूराम, उसकी पत्नी पमरजीत, बेटी सपना, मंजू, संजू, सुनीता, भतीजी पिंकी, गांव नगूरां निवासी गुगन, संजू, गांव घिमाना निवासी छिन्द्र, नफे सिंह घायल हो गए। हादसे के बाद गाड़ी में फंसे सवारियों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया।
जहां पर चिकित्सकों ने भिवानी निवासी पूनम, गांव पंच पिसौली कैथल निवासी पिंकी को मृत घोषित कर दिया। जबकि हादसे में घायल महिला संतोष और तीन वर्षीय मनीष की चिकित्सकों ने गंभीर हालात को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। हादसे में दो परिवार के लोग घायल हुए हैं और दोनों ही परिवार शादी समारोह के लिए घर से निकले थे।
गोविंद का परिवार करनाल में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था
भिवानी रोड निवासी गोविंद ने बताया कि 16 फरवरी को करनाल में उनके रिश्तेदारी में शादी थी। शादी समारोह में उसका बेटा लवराज, बेटी पूनम, दमाद अनूप और दोहते मनीष व दोहती काव्या गई थी, लेकिन इसी दौरान जाम लगने के चलते वहीं पर फंस गए। इसके बाद लवराज अपनी बहन रीना के पास कुरुक्षेत्र चले गए। मंगलवार को रास्ते खुलने के बाद वह कुरुक्षेत्र से जींद के लिए निकले थे और गांव किठाना के निकट से क्रूजर गाड़ी में सवार हो लिए, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। इसमें उसकी बेटी पूनम की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए।
शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे बाबूराम
हादसे में घायल हुए पंचपिसौली कैथल निवासी बाबूराम ने बताया कि गांव मोठ हिसार में उनकी रिश्तेदारी में शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए वह परिवार के छह सदस्यों के साथ निकला था। लेकिन जिस गाड़ी में सवार होकर आ रहे थे गांव शाहपुर के निकट हादसे का शिकार हो गए। इसमें उसके भतीजी पिंकी की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल परिवार के सदस्यों को गांव कंडेला में स्थित गंगापुत्र मेडिकल रिसर्च कालेज में दाखिल कराया गया है।
ओवरलोड व तेज रफ्तार बनी हादसे का शिकार
हादसे में घायलों ने बताया कि गांव किठाना से क्रूजर चालक 22 सवारियों को क्रूजर गाड़ी में भरकर चला था। क्रूजर में सवारियां अधिक होने से ओवरलोड हो चुकी थी और उसके बावजूद भी क्रूजर चालक लापरवाही से तेज रफ्तार से गाड़ी को चला रहा था। जब वह दूसरी गाड़ी को ओवरटेक कर रहा था तो इसी दौरान ट्राले से टकरा गया। इस दौरान ट्राला चालक ने गाड़ी को बचाने के लिए सड़क के नीचे भी उतार दिया, बावजूद भी ट्राली से क्रूजर की सीधी टक्कर हो गई।