जाट आरक्षण के दौरान जिले में आगजनी की घटनाओं में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और उनके नुकसान की पूरी रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट तैयार होने के बाद सरकार के पास भेजा जाएगा।
उचाना में आंदोलन के दौरान निजी, सरकारी संपत्तियों को हुए नुकसान का जायजा लेने एसडीएम नरवाना सुमित कुमार पहुंचे। डाकघर, रेलवे स्टेशन, पीएनबी बैंक, बिजली निगम कार्यालय, तहसील कार्यालय, बीडीपीओ, ट्रेजरी, नगर पालिका, पुलिस चौकी सहित सभी सरकारी, निजी सपत्तियों का जायजा लिया जहां आगजनी की घटनाओं से नुकसान हुआ है। दुकानों के बाहर लगाए गए बिजली के मीटर जो तोड़े गए उनको भी एसडीएम ने देखा।
आगजनी की घटना के बाद आपस में भाईचारा बनाए रखने के लिए हर वर्ग के लोगों द्वारा दिखाया गया भाईचारा की सराहना एसडीएम ने की। आगजनी से हुए निजी नुकसान के बारे में लोगों से पता कर नुकसान की भरपाई कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर ऑर्ब्जवर बाल कृष्ण द्विवेदी, नपा सचिव अमन ढांढा, एसएचओ सोमवीर ढाका मौजूद थे।
पिल्लूखेड़ा में एडीसी ने लिया जायजा
उपद्रवियों ने पिल्लूखेड़ा के सरकारी कार्यालयों में की गई तोड़फोड़ व आगजनी की घटनाओं से हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए बुधवार को एडीसी आमना तस्नीम ने पिल्लूखेड़ा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान एडीसी ने कस्बे के उप-तहसील कार्यालय, बीडीपीओ कार्यालय, सीडीपीओ कार्यालय, रेलवे स्टेशन, पटवार भवन और पिल्लूखेड़ा थाने का निरीक्षण किया। एडीसी ने सभी क्षतिग्रस्त कार्यालयों का निरीक्षण करने के बाद पिल्लूखेड़ा के नायब तहसीलदार सुरेश चंद्र से आगजनी की घटनाओं से हुए नुकसान की रिपोर्ट मांगी।
नरवाना में नगराधीश ने लिया जायजा
नगराधीश डॉ. किरण सिंह ने अधिकारियों को लेकर दुकानों पर पहुंची और सर्वे किया। नगराधीश डॉ. किरण सिंह ने अपोलो चौक स्थित सैनी मिष्ठान भंडार, पतराम नगर के गेट पर स्थित होटल और पटियाला रोड पर स्थित सैनी होटल पर पहुंची और बारीकी से जांच कर रिपोर्ट तैयार की। इसके बाद नगराधीश केएम कॉलेज पहुंची और यहां भवन के टूटे शीशों का आंकलन किया। उनके साथ नायब तहसीलदार होशियार सिंह, नगर परिषद के सचिव अमन ढांडा, सफाई निरीक्षक मुकेश शर्मा मौजूद रहे।
सफीदों में डीसी और एसएसपी पहुंचे
सफीदों क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं का जायजा लेने के लिए डीसी विनय सिंह और एसएसपी अभिषेक जोरवाला पहुंचे। जहां पर बसपा के वरिष्ठ नेता कर्मबीर सैनी ने कहा कि उनके सफीदों स्थित निवास पर उपद्रवियों ने तीन बार आग लगाई, जिस कारण पूरा मकान जलकर राख हो गया।
मौके का मुआयना किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और मकान की रिपोर्ट बनाकर मुआवजा दिलाया जाएगा। इसके बाद मधुबन से एसएफएल की टीम ने भी कर्मबीर सैनी के निवास का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
बुधवार को एसडीएम और नायब तहसीलदार ने भी कर्मबीर सैनी के मकान में हुए नुकसान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जाट धर्मशाला और अन्य स्थानों पर लगाई गई आग से हुए नुकसान का भी जायजा लिया। डीसी विनय सिंह ने तुरंत प्रभाव से जिले के सभी अधिकारियों को आंदोलन में हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
जुलाना में पहुंचे एसएसपी
आंदोलन की भेंट चढ़े जुलाना में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए बुधवार को एसएसपी अभिषेक जोरवाल पहुंचे। यहां पर जुलाना थाना प्रभारी से मामले की पूरी प्रक्रिया जानने के बाद रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां पर उपद्रवियों ने रेलवे स्टेशन के कंट्रोल रूप को तबाह करने के अलावा बैटरी हाउस और अन्य कमरों को भी जलाया हुआ था। वहीं कस्बे के लोगों से भी किसी प्रकार के हुए नुकसान के बारे में बातचीत की।
जुलाना में ज्यादातर नुकसान सरकारी संपत्ति को पहुंचाया गया है उसके अलावा किसी भी व्यक्ति का किसी भी प्रकार का आर्थिक नुकसान हुआ है तो इसकी सूचना जुलाना थाना प्रभारी समुंद्र को दिए जाने की बात जोरवाल ने कही। अभिषेक जोरवाल से जुलाना थाना में पुलिस कर्मियों की संख्या कम होने को लेकर बात की तो उन्होंने बताया कि जींद जिले में मुलाजिमों की संख्या बहुत ही कम है।
उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों की संख्या को देखते हुए ही थानों में कर्मियों की तैनाती की गई है। अगर सरकार नई भर्तियां करती है तो उसके बाद ही कर्मियों की संख्या बढ़ सकती है।