मंडी में मार्केट कमेटी के पास लगा जाम। संवाद
उचाना। इन दिनों मंडी में धान की आवक जोरों पर है, धान के साथ-साथ कपास की फसल भी मंडी आ रही है। ऐसे में मंडी में जाम आम हो गया है। वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्केट कमेटी, मंडी गेट रोड पर सड़क किनारे वाहन खड़े होने से जाम लग जाता है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, लितानी रोड पर जाने वाला रास्ता मंडी से होकर आने-जाने के चलते यहां आवागमन अधिक वाहनों का होता है।
सुभाष, राजा, बलवान ने कहा कि मंडी में सड़क किनारे वाहन खड़े होने से जाम लगता है। पुलिस प्रशासन मंडी में ऐसी व्यवस्था करें कि सड़क किनारे वाहन खड़े न हो। जाम लगने से आने-जाने वालों को परेशानी हो रही है। कई बार तो मंडी का मेन रोड पर जाम होने के चलते फायर ब्रिगेड मंडी, कपास मंडी से होकर आना-जाना पड़ता है। उचाना थाना प्रभारी बलवान बूरा ने कहा कि पुलिस कर्मियों की ड्यूटी मंडी में सीजन के चलते लगाई गई है। जाम न हो इसको लेकर पुलिस पीसीआर, राइडर भी गश्त करती रहती है। संवाद न्यूज एजेंसी