रेवाड़ी। जयपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने जैसलमेर-काठगोदाम-जैसलमेर रेलसेवा का मार्ग अस्थायी रूप से परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। यह परिवर्तन 9 नवंबर से 12 दिसंबर तक प्रभावी रहेगा।
इस अवधि में रेलसेवा का संचालन परिवर्तित मार्ग फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी होकर किया जाएगा। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए अटेली स्टेशन पर अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की गई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि जयपुर यार्ड में एयर कंकॉर्स फेज-1 व फेज-2 का कार्य प्रगति पर है। फेज-2 के तहत विभिन्न तकनीकी कार्यों को पूरा करने के लिए ब्लॉक लिया गया है जिसके कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस वजह से कुछ रेलगाड़ियों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जा रहा है ताकि यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो।
गाड़ी संख्या 15013 जैसलमेर-काठगोदाम रेलसेवा, जो 9 से 12 नवंबर, 14 नवंबर, 22 से 24 नवंबर, 26 से 28 नवंबर, 30 नवंबर से 2 दिसंबर और 6 से 9 दिसंबर तक (कुल 18 ट्रिप) जैसलमेर से प्रस्थान करेगी। अब परिवर्तित मार्ग फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी होकर संचालित होगी। इस अवधि में यह ट्रेन रींगस, नीमकाथाना, नारनौल और अटेली स्टेशनों पर ठहरेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रेलसेवा, जो 11 और 13 नवंबर, 21 से 23 नवंबर, 25 से 27 नवंबर, 29 नवंबर से 1 दिसंबर और 5 से 8 दिसंबर तक (कुल 18 ट्रिप) काठगोदाम से प्रस्थान करेगी, वह परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा होकर चलेगी। इस मार्ग में ट्रेन का ठहराव अटेली, नारनौल, नीमकाथाना और रींगस में रहेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जयपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य पूर्ण होने के बाद रेलसेवाएं पूर्व निर्धारित मार्ग से सामान्य रूप से संचालित की जाएंगी। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेनों का समय और मार्ग रेलवे की वेबसाइट या स्टेशन सूचना पटल से अवश्य जांच लें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।