02जेएनडी12 : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मेगा जॉब की तैयारियां करते प्राचार्य नरेश कु
जींद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में पांच दिसंबर को आयोजित होने वाले मेगा जॉब फेयर व अप्रेंटिसशिप कम रोजगार मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण लाल मिड्ढा रोजगार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे जबकि अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
आयोजन में जिला प्रशासन, कौशल विकास विभाग और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। प्रधानाचार्य नरेश कुमार पांचाल ने बताया कि इस वर्ष जॉब फेयर में कई नए प्रावधान जोड़े गए हैं। पहली बार कंपनी वार काउंसलिंग और इंटरव्यू स्लॉट सिस्टम लागू किया गया है।
रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाइल, नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, सीएनसी इंडस्ट्री 4.0, हेल्थ टेक और मेंटेनेंस सेक्टर की कंपनियां भाग लेंगी। कुछ कंपनियां ऑन-स्पॉट अप्रेंटिसशिप और नौकरी ऑफर करेंगी।
युवाओं की सुविधा के लिए इस बार एक हेल्प डेस्क स्थापित किया जा रहा है जहां करियर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। यह मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्किल इंडिया और मेक इन इंडिया पहल के अनुरूप जिले के युवाओं को कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर रहे हैं। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से अनुरोध किया कि वे समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करें और मेले में भाग लेने के लिए अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र, पहचान-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा साथ लेकर आएं।