संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जजपा और भाजपा का गठबंधन फिलहाल अच्छा चल रहा है। इस गठबंधन को बनाए रखना और तोड़ना दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं का काम है। वह गठबंधन को लेकर कुछ भी बोलने का अधिकार नहीं रखते। वे अपनी लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर ध्यान देते हैं। ये बातें सांसद रमेश कौशिक ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में कहीं।
इस दौरान जजपा विधायक अमरजीत ढांडा ने कहा कि चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे एमपी हैं। वह कभी उचाना विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जाकर नहीं देखते जिसके कारण गांव में विकास कार्यों की अनदेखी हो रही है। विधायक ने कहा कि सांसद के विपरीत उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला उचाना विधानसभा के गांवों में विकास कार्यों व लोगों से मिलने के लिए एक दिन में 15-15 गांवों का दौरा करते हैं। जिसके चलते उचाना में बेहद ज्यादा विकास कार्य हो रहे हैं। अगर चौधरी बीरेंद्र सिंह का परिवार बयानबाजी की अपेक्षा विकास कार्यों पर ध्यान दे तो उचाना का अधिक विकास हो सकता है। सांसद बृजेंद्र सिंह कभी अपने लोकसभा क्षेत्र के गांवों में जाकर नहीं देखता। इस दौरान भाजपा के सांसद रमेश कौशिक, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमरपाल राणा, भाजपा नेता जवाहर सैनी, ओपी पहल भी मौजूद रहे, लेकिन किसी ने भी विधायक की बात पर प्रतिक्रिया नहीं दी।