जींद। गुरु रविदास धर्मशाला में रविवार को सामाजिक एकता और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडवोकेट सुनील राज बामनिया ने कहा कि सामाजिक समस्याएं किसी एक व्यक्ति या समाज तक सीमित नहीं होतीं। इसलिए सभी समाजों को साथ लेकर संगठित और शांतिपूर्ण तरीके से प्रयास करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का विरोध करना नहीं बल्कि जनहित के मुद्दों को सामने लाकर उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करना है।
बैठक में जींद शहर के विभिन्न समाजों से जुड़े समाजसेवी और सामाजिक चेतना रखने वाले लोगों ने भाग लिया। बैठक में सामाजिक मुद्दों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, समान अवसर, युवाओं की भागीदारी और आमजन से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। समाज के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास से ही संभव है।
बैठक में केवल समस्याओं पर चर्चा करने के बजाय उनके समाधान के लिए धरातल पर काम करने पर जोर दिया गया। इसके लिए एक विशेष टीम गठित करने का निर्णय लिया गया। टीम विभिन्न सामाजिक समस्याओं की जानकारी जुटाकर संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष तथ्यों के साथ मुद्दे उठाएगी।
बैठक में हरियाणा की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके सरदार मानसिंह मन्हेड़ा के पुत्र सुरेंद्र मन्हेड़ा और उनकी धर्मपत्नी भी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने उपस्थित लोगों से सामाजिक एकता, भाईचारे और समाजहित के विषयों पर संवाद किया तथा अपने विचार साझा किए।
बैठक के अंत में उपस्थित समाजसेवियों ने सामाजिक एकता, भाईचारे और जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान शमशेर क्रांतिकारी, धर्मपाल सिंहमार, सुखबीर बावड़, अनिल रंगा, रवींद्र शास्त्री और अशोक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।