जींद। निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिला स्तरीय गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एडीसी कार्यालय में जिला संचालन समिति की बैठक हुई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सुमित्रा देवी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र वर्मा, एफ एलएन जिला समंवयक राजेश वशिष्ठ समेत सभी खंड शिक्षा अधिकारी, खंड संसाधन संयोजक, एफ एलएन ब्लॉक कोर्डिनेटर ने भाग लिया।
बैठक में जिले के चार एसटीजी अमनदीप, बलराज, प्रवीण व अशोक को राज्य स्तर पर सराहनीय कार्य के लिए एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ ने सम्मानित किया। एडीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ ने खंड शिक्षा अधिकारियों से एफएलएन गतिविधियों की जानकारी ली व बाल वाटिका से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। इसमें राजेश वशिष्ठ ने बताया कि विभाग द्वारा बाल वाटिका की परीक्षा केवल मौखिक तथा कक्षा पहली से तीसरी की परीक्षा मौखिक और लिखित दोनों प्रकार की हुई। जिले के सभी प्राथमिक विद्यालयों से कक्षा पहली से तीसरी के निपुण विद्यार्थियों का ब्यौरा एकत्रित किया गया। सभी प्राथमिक शिक्षकों को कहा कि अपने बच्चों का परिणाम रजिस्टर तथा निपुण हरियाणा टीचर एप पर अपलोड करना अनिवार्य है। विभाग द्वारा प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों की सत्र शुरू होने से पहले ही पाठ्य पुस्तकें भेज दी हैं। नए सत्र से कक्षा बाल वाटिका से पांचवीं तक एफएलएन की शुरुआत हो जाएगी। कक्षा पहली से कक्षा तीसरी के बच्चों का मूल्यांकन अप्रैल महीने में थर्ड पार्टी द्वारा लिया जाएगा।