जींद। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी की जिला कमेटी की बैठक शनिवार को जिला कार्यालय में हुई। अध्यक्षता जिला सचिव मंडल सदस्य रमेश चंद्र ने की। संचालन जिला सचिव कपूर सिंह ने किया। बैठक में राज्य सचिव मंडल सदस्य सुरेंद्र मलिक ने शिरकत की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बढ़ती जन समस्याओं, जनविरोधी नीतियों और प्रदेश की चरमराती कानून-व्यवस्था के खिलाफ 20 जून तक अभियान चलाया जाएगा। हाल ही में हांसी के सोरखी गांव में हुई अमानवीय घटना पर रोष प्रकट करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
सुरेंद्र मलिक ने कहा कि हांसी में मोटर चोरी के मामूली आरोप में दलित युवक को पैरों से बांधकर कुएं में उल्टा लटकाने की घटना हुई है। युवक की बेरहमी से पिटाई करने और कानून को हाथ में लेने की घटना अमानवीय, निंदनीय और लोकतंत्र व कानून के राज पर सीधा हमला है। यदि चोरी का संदेह था, तो पुलिस को सूचित किया जाना चाहिए था। प्रदेश में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की आपराधिक गैंग सक्रिय हैं, जो फिरौती, अपहरण और हत्याओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने मांग की सोरखी गांवकी घटना में शामिल सभी आरोपियों की तुरंत पहचान कर उनके खिलाफ सख्त धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए।