संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ौदा अंग्रेजी प्रवक्ता सीमा मलिक की अध्यक्षता में विद्यार्थियों के बीच रीडिंग एवं साक्षरता जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान संस्कृत प्रवक्ता रेखा शर्मा ने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को अच्छे साहित्य का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। आर्ट एंड क्राफ्ट शिक्षिका एवं लाइब्रेरियन पिंकी ने छात्राओं को पुस्तकालय से उनकी रुचि और उपयोगिता के अनुसार विभिन्न पुस्तकें जारी कीं।
वहीं टीजीटी इंग्लिश सीमा देवी और इतिहास प्रवक्ता सुमन लता ने विद्यार्थियों के रीडिंग ग्रुप तैयार करने में सहयोग किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि अच्छी पुस्तकों का नियमित अध्ययन केवल ज्ञान बढ़ाने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे भाषा पर पकड़ मजबूत होती है। पठन से सोचने-समझने की क्षमता, कल्पनाशक्ति और व्यक्तित्व विकास को भी बढ़ावा मिलता है।
विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ साहित्यिक और ज्ञानवर्धक पुस्तकों को पढ़ने के लिए भी प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को नियमित पठन की आदत विकसित करने और खाली समय में पुस्तकों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
अभियान का उद्देश्य विद्यालय में पुस्तक-पठन की संस्कृति को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों को नियमित पढ़ने की आदत से जोड़ना रहा। शिक्षकों ने कहा कि मोबाइल और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच किताबों से जुड़ाव बनाए रखना विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है।