संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। माता चन्नन देवी आर्य कन्या गुरुकुल पिल्लूखेड़ा मंडी में शुक्रवार को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। इस दौरान रंगोली, पेंटिंग व भाषण प्रतियोगिता करवाई गई। छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य, नशा, एचआईवी एड्स, माहवारी और एनीमिया जैसे विषयों पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने जानकारी दी।
भविष्य में स्वस्थ रहने के लिए बच्चों को अच्छे खान-पान के लिए प्रेरित किया गया। काउंसलर कुलदीप और स्वास्थ्य कार्यकर्ता विनोद बंसल ने कहा कि आमजन में एड्स बीमारी को लेकर काफी भ्रम है। एचआईवी एड्स केवल एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ असुरक्षित यौन संपर्क से, संक्रमित सिरिंज और सुइयों के प्रयोग से, संक्रमित रक्त चढ़ाने से होता है।
एड्स बीमारी को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 1097 भी दिया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रेणू ने कहा कि एनीमिया से बचाव के लिए संतुलित भोजन व मौसम के अनुसार उपलब्ध फल व सब्जी, पालक, गाजर, चुकंदर, गुड़, चना, दाल का सेवन करना चाहिए।
छात्राओं को चाहिए कि समय-समय पर खून में हीमोग्लोबिन के स्तर की जांच और उपचार करवाएं। प्रधानाचार्य ज्योति छिब्बर ने छात्राओं को योग व ध्यान के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि योग न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है।