जींद। अर्बन एस्टेट स्थित सैनी धर्मशाला में सैनी सभा के प्रधान पद का चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रधान पद के लिए पूर्व सरपंच ईश्वर सिंह लिजवाना कलां और ज्ञान चंद के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतगणना में ईश्वर सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी ज्ञान चंद को 52 वोटों के अंतर से हराकर प्रधान पद पर जीत दर्ज की।
चुनाव के लिए कुल 212 मतदाता निर्धारित थे जिनमें से 197 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान एक वोट रद्द घोषित किया गया। मतगणना में ईश्वर सिंह को 124 वोट मिले जबकि ज्ञान चंद के पक्ष में 72 वोट पड़े। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और समाज के लोगों ने नवनिर्वाचित प्रधान का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी।
जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे : नवनिर्वाचित प्रधान
नवनिर्वाचित प्रधान ईश्वर सिंह ने समाज के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सैनी समाज के हित और सैनी धर्मशाला के विकास के लिए सभी सदस्यों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। समाज के लोगों ने उम्मीद जताई कि ईश्वर सिंह के नेतृत्व में धर्मशाला के विकास के साथ सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद धर्मशाला परिसर में लोगों ने नवनिर्वाचित प्रधान का स्वागत किया और उन्हें आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।