जींद। जेल की चहारदीवारी के भीतर बंद बंदियों ने अब शिक्षा के सहारे अपने भविष्य को संवारने की पहल की है। जिला कारागार में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (एनआईओएस) की ओर से 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। इन परीक्षाओं के लिए कुल 82 बंदियों ने पंजीकरण कराया है। 10वीं कक्षा की परीक्षा में 28 बंदियों ने हिस्सा लिया और अनुशासन के साथ प्रश्नपत्र हल किया।
जिला कारागार में 10वीं कक्षा की परीक्षा के लिए 37, जबकि 12वीं कक्षा के लिए 45 बंदियों ने पंजीकरण कराया था। शनिवार को 10वीं कक्षा की परीक्षा में पंजीकृत 37 बंदियों में से 28 परीक्षा देने पहुंचे। वहीं, नौ बंदी जमानत पर रिहा होने के कारण परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।
जेल प्रशासन की ओर से बंदियों को शिक्षा से जोड़ने के लिए सकारात्मक माहौल तैयार किया जा रहा है। जेल में प्रतिनियुक्त अध्यापक राजेश चहल ने बताया कि बंदियों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और बंदी शिक्षा सहित अन्य शिक्षण गतिविधियों में रुचि ले रहे हैं।