जींद। इंडियन नेशनल लोकदल ने हरियाणा सरकार की तरफ से मंडियों में फसल लाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली के लिए जारी किए गए नए नियमों की निंदा की है। इनेलो नेताओं ने इसे किसान विरोधी और तुगलकी फरमान करार देते हुए तुरंत वापस लेने की मांग की है।
पार्टी ने तर्क दिया कि नए नियमों के अनुसार मंडी में गेट पास के लिए ट्रैक्टर की आरसी, नंबर प्लेट और मालिक के अंगूठे का सत्यापन अनिवार्य किया गया है जो जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। इनेलो का कहना है कि प्रदेश में हजारों किसान ठेके पर खेती करते हैं या किराए के ट्रैक्टर का उपयोग करते हैं। ऐसे में दूसरे के ट्रैक्टर पर फसल ले जाने वाले किसान का सत्यापन कैसे होगा।
कई ट्रैक्टर महिलाओं के नाम पर पंजीकृत हैं। क्या सरकार चाहती है कि महिलाएं घर छोड़कर मंडी में अंगूठा लगाने आएं। पार्टी नेताओं ने कहा कि किसान पहले ही कर्ज के बोझ तले दबा है और अब आरसी ट्रांसफर या नए पंजीकरण की फीस का अतिरिक्त आर्थिक बोझ उन पर लादना सरासर अन्याय है।
इनेलो ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस किसान विरोधी फैसले को तुरंत वापस नहीं लिया तो पार्टी किसानों को साथ लेकर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी।