जींद। पंजाब व पुणे की गैस के भरोसे सोनीपत रूट पर हाइड्रोजन ट्रेन का ट्रायल जारी है। रविवार को ट्रेन ने सोनीपत का एक चक्कर लगाते हुए वापस जींद जंक्शन पहुंची। शनिवार को प्लांट में हाइड्रोजन गैस तैयार नहीं हो पाने के कारण ट्रायल नहीं हो पाया था।
हाइड्रोजन गैस का उत्पादन स्थानीय प्लांट में अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पा रहा है। इसी वजह से ट्रेन के नियमित और निर्बाध ट्रायल में बाधा आ रही है। तकनीकी खामियों के कारण प्लांट में गैस उत्पादन प्रभावित हुआ है जिसे ठीक करने के प्रयास जारी हैं। ट्रायल जारी रखने के लिए अब पंजाब और पुणे से हाइड्रोजन गैस मंगवाई जा रही है।
बाहरी राज्यों से गैस मंगाने में समय लग रहा है इससे ट्रायल की गति प्रभावित हो रही है। हाइड्रोजन ट्रेन देश की पहली ऐसी परियोजनाओं में शामिल है जिसमें पर्यावरण के अनुकूल तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसलिए इसके ट्रायल के दौरान हर छोटी-बड़ी तकनीकी बारीकी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
खराबी दूर करने को आए कंपनी के उच्चाधिकारी
हाइड्रोजन प्लांट के इलोक्ट्रोफायर में आई खराबी को दूर करने के लिए मेधा कंपनी के उच्चाधिकारी आए हुए हैं। वहीं इलेक्ट्रोफायर के खराब होने के चलते एक और टैंकर में बाहर से हाइड्रोजन गैस मंगवाई गई है।