14 सफीदों 3 गांव सिवाना माल के कचरा घर के बाहर पड़ा कूड़ा। संवाद
सफीदों। गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए पंचायतों की ओर से बनाए गए कचरा घर अब सफाई व्यवस्था के बजाय गंदगी का कारण बन रहे हैं। सफीदों क्षेत्र के करीब 45 गांवों में बनाए गए कचरा घरों का ग्रामीणों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा। कहीं कचरा घरों में कूड़े की जगह कांच की बोतलें और प्लास्टिक का सामान पड़ा है तो कहीं लोग कूड़ा घर के बाहर ही फेंक रहे हैं।
नियमित सफाई और कचरे का उठान नहीं होने से गांवों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। गांवों से निकलने वाले कूड़े के उचित निपटान और गलियों में गंदगी रोकने के लिए पंचायतों ने अलग-अलग स्थानों पर कचरा घर बनवाए थे। इनका उद्देश्य घरों से निकलने वाले कचरे को एक जगह एकत्रित करना था, लेकिन व्यवस्था सही तरीके से संचालित नहीं हो रही। ग्रामीणों का कहना है कि कई गांवों में कचरा घर आबादी से काफी दूर बनाए गए हैं। ऐसे में लोग वहां तक कूड़ा ले जाने से बचते हैं और रास्तों के किनारे या कचरा घरों के बाहर ही डाल देते हैं। नालियों की सफाई भी कई-कई महीने तक नहीं होती।
पंचायतों की अनदेखी से बढ़ रही परेशानी
ग्रामीण सुधीर, पवन, कुलदीप और राजू ने बताया कि पंचायतों की ओर से नियमित सफाई नहीं कराई जा रही। कचरा घरों में जमा कूड़े का उठान नहीं होने से हवा के साथ प्लास्टिक और अन्य कचरा आसपास फैलता रहता है। नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। इससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने पंचायतों से नियमित सफाई और कचरा उठान की व्यवस्था करने की मांग की है।
क्षेत्र के 45 गांवों में अधिकतर कचरा घरों की यही स्थिति है इसकी जानकारी उन्हें अब मिली है। कचरा घरों में गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। यदि ग्रामीण वहां कूड़ा डालने के बजाय बाहर फेंक रहे हैं तो पंचायती विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
पुलकित मल्होत्रा, एसडीएम सफीदों