देवीलाल चौक पर जलेबी की रेहड़ी लगाने वाले युवक को सस्ती चीनी दिलवाने का झांसा देकर दस हजार रुपये छीनने के आरोप में शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में झांझ कलां गांव निवासी तिलकराज ने बताया कि उसने देवीलाल चौक फाटक के पास किराये पर दुकान ली है। उसके आगे ही जलेबी की रेहड़ी लगाता है। लॉकडाउन के चलते काम बंद हो गया था। तीन दिन से उसने रेहड़ी लगाने का काम शुरू किया था। 30 जून की सुबह जब वह दुकान पर गया तो वहां पर मास्क लगाकर एक युवक आया और जलेबी बनाने के लिए बाजार से सस्ते रेट पर चीनी दिलवाने की बात कही। वह सस्ती चीनी लेने के लालच में उस व्यक्ति के साथ बाइक पर सवार होकर घंटाघर के पास बाजार चला गया। वहां पहुंचने पर युवक ने कहा कि वह बिल बनवा रहा है तुम किसी गाड़ी का इंतजाम करके लाओ। यहीं से ही चीनी लोड करवा देंगे।
तिलकराज ने बताया कि उसके पास रुपये नहीं होने के कारण उसने अपने बेटे से दस हजार रुपये मंगवा लिए। कुछ देर बाद बेटा रुपये लेकर आ गया। फिर वह वाहन लेने चला गया। युवक ने बेटे से कहा कि चीनी की गाड़ी वहां फंसी हुई है। गाड़ी को निकलवा कर आता है। उसके बाद दोनों पैदल ही घंटाघर चौक से रानी तालाब की तरफ चल दिए। जब वह रानी तालाब पर पहुंचे तो वहां तीन-चार अन्य लोग और आ गए। सभी ने मिलकर उसके बेटे के साथ मारपीट कर 10 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गए। एसआई बीरबल सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट कर दस हजार रुपये की राशि छीनने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।