जींद। महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन की तरफ से बुधवार को डेटा गोपनीयता दिवस पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा, व्यक्तिगत डेटा की गोपनीयता एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
संस्था अध्यक्ष राजकुमार भोला ने कहा आज के डिजिटल युग में हमारी निजी जानकारी जैसे आधार, बैंक विवरण, मोबाइल नंबर, पासवर्ड और सोशल मीडिया अकाउंट हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। इसकी सुरक्षा के बिना सुरक्षित भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती।
जागरूक नागरिक ही सुरक्षित डिजिटल भारत की नींव हैं। उन्होंने बताया कि मजबूत व यूनिक पासवर्ड का प्रयोग करें और समय-समय पर बदलते रहें। किसी भी अनजान लिंक, कॉल या ई-मेल पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें। सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में संयम बरतें। पब्लिक वाई-फाई पर ऑनलाइन बैंकिंग या संवेदनशील कार्य करने से बचें।
मोबाइल व कंप्यूटर में एंटीवायरस एवं सिक्योरिटी अपडेट चालू रखें। अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने और समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अंकिता खटकड़, अजय वर्मा, मेघा सिंगला, मीणा मौजूद रही।