04जेएनडी02: माइंड मैनेजमेंट विषय पर सेमिनार में युवाओं को संबोधित करते नरेश जागलान। संवाद
जींद। महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन की ओर से हरियाणा नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से अर्बन एस्टेट में माइंड मैनेजमेंट विषय पर सेमिनार का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में डिजिटल डिटॉक्स, सकारात्मक मनोस्थिति और मानसिक स्वास्थ्य जैसे समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
मुख्य वक्ता मनोवैज्ञानिक नरेश जागलान ने कहा कि डिजिटल दुनिया में मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से तनाव, एकाग्रता में कमी और मानसिक असंतुलन चुनौतियां बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि माइंड मैनेजमेंट केवल विचारों को नियंत्रित करना नहीं बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने की एक प्रभावी कला है। नियमित अभ्यास, ध्यान और समय प्रबंधन के जरिए व्यक्ति न केवल मानसिक शांति प्राप्त कर सकता है बल्कि अपने आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत कर सकता है।
जागलान ने युवाओं को प्रेरित किया कि यदि वे अपने मन को नियंत्रित करना सीख लें तो करियर और जीवन के हर क्षेत्र में सफलता सुनिश्चित है। संस्था के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने युवाओं को डिजिटल लत से बाहर निकलकर मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। इस अवसर पर मेघा सिंगला, मीणा, अजय वर्मा मौजूद रहे।