धरना देते गुरतार सिंह के परिजन।
- फोटो : Jind
गढ़ी पुलिस द्वारा कथित तौर पर पीटाई युवक की मौत के आरोप लगाकर धरना दे रहे पदार्थ खेड़ा गांव के लोगों व अन्य सामाजिक संगठनों का धरना जारी रहा। हालांकि नागरिक अस्पताल में युवक के शव का पोस्टमार्टम हो चुका है लेकिन परिजन शव नहीं उठा रहे हैं। ऐसे में चौथे दिन भी गुरतार सिंह के शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका। नरवाना के नागरिक अस्पताल में धरने के दौरान एक बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ गई।
धरना दे रहे लोगों ने कहा कि गुरतार सिंह की मौत पुलिस व अन्य लोगों की प्रताड़ना के चलते हुई है। परिजनों ने कहा कि जब तक गुरतार सिंह को न्याय नहीं मिलेगा तक तब अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। बेकसूर लोगों को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं धरने में शामिल महिला दीपकौर की तबीयत अचानक खराब हो गई। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गौरतलब है कि पदार्थ खेड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय गुरतार सिंह की एक जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने गढ़ी पुलिस पर चोरी के मामले में प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद से ही धरना चल रहा है।