हाईवे पर शव के साथ जाम लगाते दीपक के परिजन। संवाद
- फोटो : Jind
डूमरखां गांव निवासी 26 वर्षीय दीपक की बुधवार रात को मौत के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों ने सुबह शव के साथ दिल्ली-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर डूमरखां गांव के पास ही जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट के बाद अधिकारियों ने गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
परिजनों ने कहा कि दीपक मंगलवार शाम को अपने घर से दोस्तों के साथ गया था। रात को भी दीपक घर नहीं आया। बुधवार दोपहर बाद सुरबरा गांव के युवक का फोन उसके पास आया कि उसके भाई दीपक की तबीयत ज्यादा खराब है। दीपक को नरवाना अस्पताल लेकर जा रहे हैं। जब वे लोग अस्पताल नरवाना पहुंचे तो वहां पर दीपक मृत मिला। राकेश ने आरोप लगाया कि दीपक को घसो कलां गांव निवासी शम्मी व सुबरबरा गांव निवासी शिव बुलाकर ले गए थे। ऐसे में शक है कि उन्होंने ही दीपक की हत्या की है। इस पर पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।