15जेएनडी31: शिविर में योग करते हुए बच्चे। संवाद
सफीदों। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में वोमेन इरा फाउंडेशन की ओर से आयोजित 10 दिवसीय बाल योग शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लेकर योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
योग प्रशिक्षक सुमन दत्त और सारिका ने बच्चों को विभिन्न योगासन करवाते हुए योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास बच्चों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
योग से एकाग्रता बढ़ती है, स्वास्थ्य बेहतर रहता है और अनुशासित जीवनशैली विकसित होती है। संस्था की अध्यक्ष गीतांजलि कंसल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को योग से जोड़ना और उन्हें स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, जिसमें योग सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान योग प्रशिक्षण के साथ-साथ बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने का संदेश दिया।