जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय में पानी की किल्लत को लेकर धरना देते लोग। संवाद
- फोटो : Jind
कई दिनों से शहर में पानी की सप्लाई नहीं होने के कारण लोगों ने सोमवार को जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय में धरना दिया। लोगों ने अपनी मांग को लेकर तहसीलदार रामचरण शर्मा को ज्ञापन भी सौंपा।
रामनिवास करसिंधु, विनोद गर्ग, कृष्णा व बिमला ने कहा कि एक सप्ताह से क्षेत्र में पानी की समस्या है। गर्मी के मौसम में पानी की खपत बढ़ जाती है। गर्मी शुरू होते ही पानी कम समय आने लगा है। उन्होंने कहा कि एक घंटे तक जन स्वास्थ्य विभाग में खाली मटका लेकर महिलाओं ने पुरुषों के साथ धरना दिया। पानी की सप्लाई नहीं होने पर सबमर्सिबल से पानी लेकर आना पड़ता है। कई कॉलोनियों में पानी खरा होने के कारण पानी की समस्या बनी हुई है। यहां पर दो-दो जलघर शहर में पानी की सप्लाई के लिए हैं, फिर भी पानी की किल्लत बनी हुई है। बार-बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होने पर धरना मजबूरी में देना पड़ा। तहसीलदार रामचरण शर्मा ने कहा कि पानी की किल्लत को लेकर लोगों ने ज्ञापन सौंपा है। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बातचीत करके पानी की समस्या को दूर करवाया जाएगा।