सफीदों। सीता श्याम कॉलोनी में ससुरालीजनों ने घर में घुस कर दामाद व उसकी मां के साथ मारपीट की दी। शहर थाना सफीदों पुलिस ने दामाद की शिकायत पर सास, ससुर, पत्नी के खिलाफ मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीता श्याम कॉलोनी निवासी गगन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2020 में बसंत नगर पानीपत निवासी कुलदीप की बेटी सुनैना से हुई थी। उसका ससुर कुलदीप आइटीबीपी में कार्यरत है। उनका कुछ दिन पहले झगड़ा हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों का थाने में समझौता हो गया था और वह घर लौट आए थे। वह 24 मार्च को अपने चाचा के घर गया हुआ था। इस दौरान उसकी पत्नी सुनैना ने फोन कर उसे घर बुला लिया। कुछ समय के बाद उसका ससुर कुलदीप, सास सुनीता घर में आए और कमरा बंद कर उसके साथ मारपीट करने लगे। जब उसकी मां संतोष ने बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। बचाव में शोर मचाए जाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंच गई। इस पर आरोपी धमकी देते हुए उनके घर से फरार हो गए। पड़ोसियों ने दोनों को घायल हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। शहर थाना सफीदों पुलिस ने गगन की शिकायत पर उसके ससुर कुलदीप, सास सुनीता व पत्नी सुनैना के खिलाफ मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।