जुलाना। कस्बे के एमआरसीआर स्कूल में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता के तीसरे दिन बैडमिंटन में नंदादेवी ग्रुप प्रथम प्रथम स्थान पर रहा। क्रिकेट में धौलागिरी की टीम व रस्साकसी में अन्नपूर्णा टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल के डायरेक्टर अरुण सिंघल ने शिरकत की। अरुण सिंघल ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, संघर्ष और टीम वर्क की भावना भी सिखाते हैं।
स्कूल के प्राचार्य माेहित मित्तल ने बताया कि स्कूल में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, टीम भावना विकसित करना और शारीरिक व मानसिक रूप से उन्हें मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जीवन का अहम हिस्सा हैं जो अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं।