बिजली निगम में हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रीसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन की अगुवाई में बिजली निगम के कर्मचारियों ने एसडीओ भजन सिंह पर अड़ियल रवैये अपनाने का आरोप लगाते हुए अनिश्चिकालीन धरना शुरू किया। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक एसडीओ अपना अड़ियल रवैया नहीं छोड़ते व यूनियन की मांगों को नहीं मानते तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। धरना की अध्यक्षता सब यूनिट उपप्रधान सुरेंद्र श्योकंद ने की।
प्रदेश वरिष्ठ उप प्रधान कृष्ण नैन ने कहा कि बिजली निगम के एसडीओ द्वारा कर्मचारियों को गलत तरीके से प्रताड़ित किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि चार कर्मचारी ठेकेदारी प्रथा के तहत लगे हुए हैं जिनको एरिया के बारे में पता नहीं है। बिजली निगम के एसडीओ उनसे एचटी (हाई टेंशन) पर काम करवाना चाहता है, जिनमें बिजली सप्लाई चालू होती है। दो दिन पहले भी वृक्षों की कटाई के दौरान दो कर्मचारी बाल-बाल बचे थे। जब इस बात को लेकर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसडीओ से बात की तो एसडीओ कहते हैं कि अगर किसी कर्मचारी के साथ काम के दौरान कोई घटना होने से मौत का ग्रास बनता है तो मेरी कोई जिम्मेदारी नहीं है। उसकी जिम्मेदारी एरिया इंचार्ज की होगी। इस मौके पर कर्मबीर कापड़ो, अमित कोथ, सुरेश खासा, विक्रम श्योकंद, सुनील, विकास खटकड़, नरेश, सुभाष शर्मा, राजेंद्र, बिजेंद्र, मनीष, रामनिवास, कुलदीप मौजूद रहे।
लाइन बंद कर करवाते हैं काम
जो कर्मचारी काम करते हैं उनके साथ अनुभवी कर्मचारी होता है। जो सारे कार्य को देखता है। लाइन को बंद करवाने के बाद ही कार्य करवाया जाता है। ये कर्मचारी चाहते हैं कि जिस गांव के हैं उसी गांव में इनकी ड्यूटी लगाई जाए, जो संभव नहीं है।
-भजन सिंह, एसडीओ, बिजली निगम उचाना।