ईक्कस गांव में चल रहे अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के धरने पर रविवार को काला दिवस मनाया जाएगा। इस दिन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक धरने में शिरकत करेंगे। समिति का दावा है कि पिछले सप्ताह रविवार को मनाए गए बलिदान दिवस से ज्यादा संख्या में लोग धरने पर पहुंचेंगे। इसके लिए करीब तीन एकड़ में टेंट लगाया जा रहा है।
वहीं, समिति के जिलाध्यक्ष वीरभान ढुल ने कहा कि जिले भर के पंच-सरपंचों की बैठक कर उन्हें धरने पर नहीं जाने और लोगों को रोकने के लिए धमकाया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों की तरफ से कमेटी को इसके बारे में अवगत करवाया गया है। यदि प्रशासन ने अपना रवैया नहीं बदला तो समिति कठोर कदम उठाने पर मजबूर होगी। वीरभान ढुल ने कहा कि जिला प्रशासन ने जिले के सभी टेंट मालिकों को जाट समाज को टेंट उपलब्ध नहीं करवाने के आदेश जारी किए हैं। इस कारण उन्हें दिल्ली से टेंट मंगवाना पड़ा।
व्यवस्था बनाने में जुटे समिति के लोग
जिलाध्यक्ष वीरभान ढुल ने आह्वान किया कि रविवार को लोग शहर के बीच से नहीं आकर बाईपास के रास्ते आएं। उन्होंने कहा कि कोई शरारती तत्व इसका फायदा उठा सकता है। उन्होंने कहा कि पिछली बार जो युवक शहर में गए थे, ऐसा दोबारा नहीं होना चाहिए।
समाज को गर्त में धकेल रहे समैण
ढुल ने कहा कि सूबे सिंह समैण व सुरेंद्र सिंह दहिया सांसद राजकुमार सैनी की तर्ज पर चलकर समाज को गर्त में धकेल रहे हैं। अगर ये लोग समाज के लोगों से माफी मांग कर धरने पर आते हैं तो समाज इनको माफ करने के लिए तैयार हैं।
छह बिरादरियों पर अत्याचार कर रही सरकार
रोड़ समाज के प्रदेशाध्यक्ष छाजूराम जाम्बा ने कहा कि सरकार छह जातियों के साथ अत्याचार कर रही है। जाट समाज जो आंदोलन कर रहा है, उसमें रोड़ समाज कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। रविवार को मनाए जाने वाले काले दिवस पर रोड़ समाज के लोगों की भागेदारी धरने पर होगी।
प्रशासन तैयार
जाट आरक्षण संघर्ष समिति शांतिपूर्ण धरना दे रही है। इसके लिए मैं उनको बधाई देता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि रविवार को कार्यक्रम भी शांतिपूर्ण होगा। इसमें कोई ऐसी बात नहीं है। प्रशासन तैयार है।
ओपी सिंह, आईजी हिसार रेंज
आरोप गलत
प्रशासन अपना काम कर रहा है। किसी को भी धरने पर जाने से नहीं रोका जा रहा है। न ही किसी को टेंट के लिए मना किया गया है। ऐसे आरोप गलत हैं।
विनय सिंह, डीसी
अलर्ट रहेगी पुलिस : एसएसपी
रविवार को ईक्कस गांव में काला दिवस मनाए जाने के एलान के मद्देनजर एसएसपी शशांक आनंद ने अधिकारियों की मीटिंग ली। एसएसपी ने सुरक्षा बलों को कहा कि जिस प्रकार वह आरक्षण आंदोलन के लिए पिछले चार सप्ताह ड्यूटी दे रहे हैं, आगे भी जारी रखें। एसएसपी ने कहा कि रविवार को पुलिस पूरी तरह से अलर्ट रहेगी। इस दौरान सोशल मीडिया पर भी खास नजर रखी जाएगी।