जींद। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ रणवीर सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत झांझ खुर्द जगह उपलब्ध करवाती है तो उसके लिए अलग से वाटर स्टोरेज टैंक का निर्माण करवाया जाएगा। इससे उनकी पेयजल की समस्या खत्म हो जाएगी। गांव का अलग से वाटर स्टोरेज टैंक बनने से ग्रामीणों को 55 की जगह 70 लीटर प्रति व्यक्ति पेयजल उपलब्ध करवाया जाएगा। रणवीर सिंह वीरवार को ब्लॉक जींद के विभिन्न गांव से आए सरपंचों से बातचीत कर रहे थे।
झांझ खुर्द व झांझ कलां गांव में संयुक्त जलघर बनाया गया है। जहां से दोनों गांव में पेयजल की सप्लाई होती है। उपमंडल कार्यालय में पहुंचे झांझ खुर्द के सरपंच ने गांव की कुछ गलियों में 2 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन डालने की मांग की। अमरेहड़ी गांव के सरपंच कृष्ण कुमार ने पूरे गांव में नहरी पेयजल सप्लाई के लिए जींद शहर के लिए प्रस्तावित बडौदी स्कीम से गांव को जोड़ने की मांग की। इसके साथ ही नई लगाई गई पाइपलाइन को जोड़ने व लीकेज को ठीक करने की मांग की। बरसोला गांव के सरपंच जोगिंदर सिंह ने गांव में नलकूप लगाने, जलघर की क्षमता बढ़ाने, कुछ गलियों में पाइपलाइन डालने व एक अन्य स्टोरेज टैंक बनाने की बात कही। दरियावाला के सरपंच ने वाटर स्टोरेज टैंक की सफाई व रिपेयर की मांग की। बडौदी के सरपंच ने भी पेयजल से संबंधित अपनी समस्या रखी। इस अवसर पर जिला सलाहकार रणधीर मताना व कनिष्ठ अभियंता हितेश्वर ने सरपंचों से कहा कि वे जल्द होने वाली ग्राम सभा में लोगों को जल सरंक्षण के बारे में अधिक से अधिक जागरूक करें।