हरियाणा बचाओ संघर्ष समिति एवं बसपा कार्यकर्ताओं ने सफीदों को जिला बनाने की मांग का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम सीटीएम डा. किरण को सौंपा। समिति के लोगों ने कहा कि यदि गोहाना को जिला बनाकर सफीदों को उसमें शामिल करने की कोशिश की गई तो वे ऐसा नहीं होने देंगे।
इसके लिए हर कुर्बानी देने को तैयार हैं। ज्ञापन सौंपने वालों का नेतृत्व करते हुए हरियाणा बचाओ संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष कर्मबीर सैनी ने कहा कि सफीदों सुविधाओं के मामले में गोहाना से काफी आगे है तथा गोहाना से पहले तहसील बना था।
इसलिए गोहाना की बजाय सफीदों को जिला बनाया जाए। गोहाना को जिला बनाने की सिफारिश करना सरकार का जल्दबाजी में लिया गया फैसला है। उन्होंने कहा कि सफीदों को गोहाना में शामिल करने से पहले सफीदों के लोगों की राय सरकार को जाननी चाहिए।
सैनी ने कहा कि गोहाना को जिला बनाने की सिफारिश पर सरकार को पुन: विचार करना चाहिए। गोहाना व बरौदा हलके को सफीदों में शामिल करके सफीदों को जिला बनाया जा सकता है। उन्होंने सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि इस पर सरकार जल्द अपनी स्थिति स्पष्ट करे।
सफीदों को गोहाना में शामिल किया गया तो किसी भी सूरत में यह सहन नहीं किया जाएगा। पहले भी एक बार इस प्रकार की चर्चाएं चली थी तो सफीदों के लोगों ने आंदोलन किया था। यदि ऐसा फिर हुआ तो हरियाणा बचाओ संघर्ष समिति लोगों के साथ मिलकर फिर से धरने, प्रदर्शन करने पर मजबूर होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में बसपा के जोन प्रभारी डॉ. अनिल रंगा, जिला प्रधान जगदीश कश्यप, जिला उपाध्यक्ष देशराज सिरोहा, हलका प्रधान राजेश गौरिया, नरेश भुक्कल, श्रीराम प्रधान, द्वारका फुलिया, सत्ता राम कश्यप, सुशील गुर्जर, ईशम सिंह, ऋषिपाल, रमेश श्योकंद भी शामिल थे।