27जेएनडी18: रेलवे जंक्शन का निरीक्षण करते हुए दिल्ली रेल मंडल डीआरएम। संवाद
जींद। दिल्ली रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुष्पेश आर त्रिपाठी ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन का फिलहाल ट्रायल जारी है। आरडीएसओ और सीआरएस की स्वीकृति के बाद ही संचालन होगा। ट्रायल एक लंबी प्रक्रिया है। इसमें अलग-अलग गति पर ट्रेन चलाकर उसके प्रदर्शन का परीक्षण किया जाता है।
डीआरएम ने शुक्रवार को जींद रेलवे जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेन डाउन लाइन के प्वाइंट नंबर 111 की अलाइनमेंट और गेज की जांच की। ट्रैक पर प्वाइंट क्रॉसिंग की पैमाइश कर कर्मचारियों से तकनीकी जानकारी भी ली।
डीआरएम ने कहा कि क्रॉसिंग प्वाइंट पर अलाइनमेंट निर्धारित मानकों के अनुरूप होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि टॉर्क मशीन से नियमित जांच करने पर क्रॉसिंग पर गैप की समस्या नहीं रहेगी। आवश्यकता होने पर अतिरिक्त टॉर्क मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
वह दोपहर को स्पेशल निरीक्षण यान से जींद पहुंचे और आधा घंटा स्टेशन पर बिताया और दोपहर करीब दो बजे रोहतक के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि सोनीपत-गोहाना और रोहतक-पानीपत रेल खंड का निरीक्षण किया जा रहा है।
निरीक्षण के बाद कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन
निरीक्षण के बाद एनआरएमयू के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। शाखा सचिव मेहर सिंह, प्रधान अंकुर शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि कर्मचारी दीपू और महिपाल का बिना जांच के प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरण कर दिया गया है। यूनियन ने मांग की कि जांच में दोषी पाए जाने पर ही कार्रवाई की जाए। रेलवे कॉलोनी में सफाई व्यवस्था के लिए लंबित ठेका प्रक्रिया को जल्द मंजूरी देने की मांग भी उठाई।