फोटो 01जेएनडी11-रेलवे ट्रैक पर दौड़ रही हाइड्रोजन ट्रेन। संवाद
जींद। दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर बुधवार को रोहतक और जींद के बीच हाइड्रोजन ट्रेन का स्पीड ट्रायल हुआ। ट्रायल के दौरान ट्रेन को अधिकतम 115 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया गया। रेलवे की तकनीकी टीम ने ट्रायल के दौरान ट्रेन के संचालन, ब्रेकिंग सिस्टम, ट्रैक की स्थिरता और अन्य सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया।
ट्रायल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार सुबह शुरू हुआ। रोहतक से जींद के बीच ट्रेन को विभिन्न सेक्शनों पर अलग-अलग गति से चलाया गया। पूरे ट्रायल के दौरान रेलवे की तकनीकी टीम लगातार सभी मानकों की निगरानी करती रही।
परीक्षण के दौरान प्राप्त आंकड़ों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। यदि सभी तकनीकी मानक निर्धारित मापदंडों पर खरे उतरते हैं तो आगे की औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर हाइड्रोजन ट्रेन के नियमित संचालन की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। आगामी एक सप्ताह तक ट्रेन के ट्रायल जारी रहने की संभावना है। यदि सभी परीक्षण सफल रहते हैं तो ट्रेन को जल्द ही नियमित संचालन की अनुमति मिल सकती है।
पहले दिन शुक्रवार को ट्रेन को दिल्ली सब्जी मंडी से सोनीपत के बीच 85 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर ट्रायल किया गया। दूसरे दिन सोनीपत और दिल्ली सब्जी मंडी के बीच चार चक्कर लगाए जिनमें ट्रेन को 80, 100 और 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति पर परखा गया।
वहीं रविवार को तीसरे दिन जींद से खरैंटी के बीच 120 की स्पीड से दौड़ाया गया था। इस सफल ट्रायल के बाद रेलवे अधिकारियों को उम्मीद है कि आगामी परीक्षण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे होंगे और हाइड्रोजन ट्रेन को नियमित संचालन के लिए हरी झंडी मिल जाएगी।