नरवाना। सीआईए स्टाफ ने इंद्रा कॉलोनी में महिला नेहा की हत्या के मामले में फरार चल रहे हत्यारे पति सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी।
5 अप्रैल रात को इंद्रा कॉलोनी में आरोपी सूरज ने चरित्र संदेह को लेकर पत्नी के साथ कहासुनी की। इसके बाद उसने पत्नी की सिर में कुंडी मारकर हत्या कर दी और भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने आरोपी की तलाश के लिए सीआईए प्रभारी सुखदेव के नेतृत्व में एक विशेष टीम नियुक्त की थी। आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी बाइक पर पंजाब के खनौरी की तरफ जाता दिखाई दिया था। सीआईए टीम आरोपी को खनौरी इलाके में तलाश करती रही, लेकिन आरोपी खनौरी से भी फरार हो गया। इसके बाद सोमवार देर शाम को सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी सूरज अपने किसी परिचित के पास नरवाना आने वाला है। सीआईए ने आने वाली जगह के पास घेराबंदी कर दी। जैसे ही आरोपी नरवाना में दाखिल हुआ तो सीआईए टीम ने आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस प्रवक्ता अमित खर्ब का कहना है कि मंगलवार को उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।