जींद। जेजेपी के स्थापना दिवस रैली के कारण रविवार सुबह से ही जुलाना आने वाले सभी रास्तों पर जाम लगना शुरू हो गया। दोपहर तक तो जुलाना-लाखन माजरा व जुलाना-जींद रोड पर कई-कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गई और जाम के कारण सैंकड़ों वाहन रैली स्थल तक नहीं पहुंच सके।
पार्टी की ओर से कई एकड़ जमीन पर पार्किंग व यातायात की व्यवस्था बनाए रखने के लिए 500 से ज्यादा वालेंटियर्स की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके बावजूद भी जुलाना में हाइवे पर जाम लगा रहा।
सभी विधानसभा क्षेत्रों से अपने-अपने वाहनों पर हलके के नाम वाले स्टीकर लगा कर लोग रैली में पहुंचे। रैली में महिलाएं और युवा ढोल व डीजे पर झूमते नाचते पहुंचे। इससे युवाओं ने रैली स्थल और आसपास क्षेत्र को नए जोश से भर दिया।
हरी-पीली चुनरी ओढ़े मंगलगीत गाते हुए पहुंची महिलाओं की टोलियों ने रैली की शान में चार-चांद लगाने का काम किया। महिलाओं ने पंडाल में जजपा के गीतों पर नाच-गाकर अलग माहौल बनाया।