फोटो 30जेएनडी06-मंगलवार दोपहर को गोहाना रोड से गुजरते वाहन चालक। संवाद
जींद। जिले में मंगलवार को भी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। दिनभर पश्चिमी दिशा से 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चलती रही, जिससे तेज धूप के साथ उमस का भी असर महसूस किया गया। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा।
सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। दोपहर तक गर्म हवा के चलते वातावरण भी गर्म हो गया। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी गर्म हवा के प्रभाव के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार से मौसम में बदलाव के संकेत मिलने शुरू हो जाएंगे। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है जिससे धूप का असर कुछ कम हो सकता है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि जब तक बारिश नहीं होती तब तक दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही रहा तो जुलाई के पहले सप्ताह में लोगों को भीषण गर्मी से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
एक सप्ताह तक मौसम बना रहेगा खुशनुमा
पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक सप्ताह तक मौसम अपेक्षाकृत खुशनुमा बना रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में बादल छाने, हल्की हवाएं चलने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की उम्मीद है।
वर्जन
दो जुलाई को जिले और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है। बारिश होने से तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है। -
डॉ. राजेश, मौसम वैज्ञानिक, पांडू-पिंडारा जींद