कंडेला। कंडेला गांव में मंगलवार को आपसी सौहार्द का अनूठा संगम सामूहिक होली मिलन समारोह में दिखा। पूरे गांव ने एकजुट होकर रंगों के इस पर्व को उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया।
ग्राम पंचायत कंडेला, युवा मंडल और जागृति मंच के सहयोग से चौपाल पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप गूंजी, युवाओं की टोलियां ‘होली है’ के जयघोष के साथ गलियों में निकली। उड़ते गुलाल ने माहौल को सतरंगी बना दिया। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से एकजूट होकर कोरड़े बरसाए।
युवाओं ने बुजुर्गों के चरणों में गुलाल लगाकर आशीर्वाद लिया। इस दृश्य ने पुरानी परंपराओं को जीवंत कर दिया। गांव की समिति ने सबसे अनुशासित और ऊर्जावान टोली को सम्मानित भी किया।
सरपंच प्रतिनिधि अनूप रेढू ने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। जिस प्रकार होलिका दहन में बुराइयां समाप्त होती हैं, उसी तरह हमें भी मनमुटाव मिटाकर गांव के विकास के लिए एकजुट रहना चाहिए। गांव में सामूहिक रुप से होली का त्येहार मनाया जाता है।
इस अवसर पर सुनील पंच, अमित पंच, नरेंद्र पंच, संदीप पंच, जागृति मंच अध्यक्ष कलीराम रेढू, उपाध्यक्ष ईश्वर उर्फ पप्पू, युवा मंडल अध्यक्ष सोनू रेढू, संयोजक हरदीप रेढू, राजेंद्र, नरेश पहलवान सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।