जींद। विश्वविद्यालयों में कार्यरत हरियाणा कौशल रोजगार निगम के गैर- शैक्षणिक कर्मचारियों ने जॉब सिक्योरिटी एक्ट 2024 के तहत सुरक्षा प्रदान करने की सीएम से मांग की। यह मांग शुक्रवार सुबह साॅइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाने के बाद कर्मियों ने की।
उन्होंने सीएम नायब सिंह सैनी को दिए ज्ञापन में कहा कि जॉब सिक्योरिटी एक्ट 2024 के अंतर्गत हरियाणा कौशल रोजगार निगम के अंतर्गत 5 वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा प्रदान की गई है, जो कि एक अत्यंत सराहनीय व कर्मचारी हितैषी कदम है। इसके बावजूद राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में कार्यरत ऐसे कई गैर-शैक्षणिक कर्मचारी, जो एचकेआरएन के अंतर्गत ही सेवा दे रहे हैं व 5 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत हैं। इस अधिनियम के लाभ से वंचित हैं। वर्तमान में यह अधिनियम विश्वविद्यालयों में लागू नहीं किया जा रहा है। इससे इन कर्मचारियों में असमंजस और असुरक्षा की भावना व्याप्त है। कर्मचारियों ने मांग की है कि जॉब सिक्योरिटी एक्ट 2024 को राज्य के विश्वविद्यालयों में भी लागू किया जाए, ताकि वहां कार्यरत कर्मचारियों को भी समान रूप से इसका लाभ मिल सके। इस पर सीएम ने इन कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा के लिए आश्वस्त किया। इस मौके पर समरजीत सिंह, परवीन बूरा, संजय सिन्धु, नवीन मलिक,अमित सैनी, संदीप मोर, राजेश कुमार राना, सौरभ कुमार, कृष्ण, संदीप कुमार, अशोक कुमार मौजूद रहे।