25जेएनडी25-पहलगाम में हुई घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए लोग। संवाद
नरवाना। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल नरवाना, दुर्गा वाहिनी मातृशक्ति, सभी धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों सहित सदस्यों ने पब्लिक धर्मशाला से पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन निकाला। यह प्रदर्शन धर्मशाला से शुरु होते हुए परशुराम चौक, अग्रसेन चौक, रेलवे रोड, अपोलो चौक और भगत सिंह चौक पर पहुंचा।
उन्होंने पाकिस्तान मुर्दाबाद और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। भगत सिंह चौक पर पहुंचने के बाद सबसे पहले पाकिस्तान के पुतले का दहन किया गया। लोगों ने कहा कि पहलगाम में हुई घटना से नरवाना ही नहीं पूरे देशभर के लोगों में भारी गुस्सा है। पहलगाम में बेकसूर लोगों को जानबूझकर गोलियां मारी गई है। देश के पीएम ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े एक्शन लिए हैं। पीएम का एक ही मकसद है आतंकवाद को पूरे तरीके से नष्ट करना। लोगों ने सरकार से मांग कि किसी भी हालत में आतंकवाद को जड़ से समाप्त किया जाए। आतंकवादियों ने 27 बेगुनाह लोगों की जान ली है, जब तक 27 हजार आतंकवादियों की जान नहीं ली जाए तब तक भारतवासियों को चैन नहीं आएगा।