जींद। सीआरएसयू में कार्यरत एचकेआरएन और सुरक्षा कर्मियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
कर्मचारियों ने कहा कि हरियाणा के सभी विश्वविद्यालयों को जॉब सिक्योरिटी एक्ट-2024 के दायरे में शामिल किया जाए। यदि यह संभव नहीं है तो विश्वविद्यालय कर्मचारियों के लिए अलग से सेवा सुरक्षा कानून बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्वायत्त संस्थान होने के कारण कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के लिए कोई स्पष्ट व स्थायी सेवा नीति नहीं है।
ऐसे में अनुबंध समाप्त होने या पोर्टल से नाम हटने जैसी परिस्थितियों में कभी भी नौकरी जाने का खतरा बना रहता है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों पर आर्थिक व मानसिक संकट मंडराता है।
कर्मचारियों ने मांग की कि सभी विश्वविद्यालयों में कार्यरत एचकेआरएन एवं सुरक्षा कर्मियों को सेवा अवधि के आधार पर समान रूप से नौकरी की सुरक्षा, सेवा संरक्षण और अन्य लाभ दिए जाएं। साथ ही बिना निर्धारित प्रक्रिया के किसी भी कर्मचारी की सेवा समाप्त न की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार विश्वविद्यालयों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।