नरवाना(जींद)। एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को गांव भाणा ब्राह्मण के स्कूल का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। एसडीएम ने स्कूल की सभी कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनकी अध्यापन स्थिति जांची।
एसडीएम ने विद्यालय के समस्त स्टाफ को अध्यापन कार्य में और सुधार लाने के निर्देश दिए, ताकि कोरोना के कारण बच्चों के नुकसान की भरपाई हो सके। कक्षाओं में जाकर एसडीएम ने विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों से संवाद किया तो पाया कि हिंदी व अंग्रेजी भाषा में बच्चों की लेखनी तथा स्मरण शक्ति में और मेहनत करने की जरूरत है।
उन्होंने अध्यापकों को निर्देश दिए कि मौखिक अध्यापन क्रिया के अलावा हर विषय को बोर्ड पर लिखित रूप मे पढ़ाया जाए, ताकि विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति, सुलेख और अक्षर ज्ञान में सुधार हो सके। एसडीएम ने कहा कि सभी शिक्षक कक्षा में जाने से पहले अच्छे तरीके से अपना होमवर्क करें। विद्यालय में सफाई, बेहतर पेयजल व्यवस्था तथा कोरोना वायरस के चलते बच्चों के मास्क, सोशल डिस्टेंस इत्यादि चीजों पर भी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि अध्यापक समाज का मार्गदर्शक तथा बच्चों का आदर्श होता है। लिहाजा सभी शिक्षक अपनी कार्यशैली तथा व्यक्तित्व में सुधार लाएं और अपनी जिम्मेदारी का निष्ठा के साथ निर्वहन करें।