डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. पालेराम कटारियों को ज्ञापन सौंपते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को ज्ञापन सौंपे। नागरिक अस्पताल जींद में सिविल सर्जन नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. पालेराम कटारिया को ज्ञापन सौंपा।
संघ के मीडिया प्रभारी सुनील सैनी ने बताया कि 17 व 26 अक्तूबर को सिविल सर्जन डॉ. जेएस पूनिया के साथ स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद आज तक हटाए गए आउटसोर्स कर्मचारियों की सूची जारी नहीं की गई और न ही कर्मचारियों का वेतन जारी किया गया। बातचीत के बावजूद स्वास्थ्य अधिकारी व कंपनी अधिकारी टालमटोल का रवैया अपनाए हुए हैं। अब फिर से स्वास्थ्य कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। पहले भी कई दिनों के संघर्ष के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने बातचीत में सभी मांगें मानी थी। अब फिर से स्वास्थ्य कर्मचारी 10 दिसंबर को सिविल सर्जन कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर उझाना में जिला मंत्री आर्य बलिंद्र, जुलाना में आशीष, उचाना में सुखदेव, मुआना में वीरभान, अलेवा में अजय, कंडेला में सोनू, खरकरामजी में जितेंद्र, कालवा में बिजेंद्र व सफीदों में सुनील राणा की अध्यक्षता में सभी केंद्र प्रभारियों को ज्ञापन सौंपे गए।