जींद। नागरिक अस्पताल में सोमवार को एसोसिएशन की जिला कमेटी की बैठक हुई। जिला सचिव गुरनाम ने कहा कि बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी छह नवंबर को सिविल सर्जन कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे।
उपप्रधान नीलम, वित्त सचिव अमरजीत, सह सचिव राजेश कुमार और सलाहकार शक्ति सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों ने संसाधनों के अभाव में 25 अक्तूबर से सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग और अन्य एंट्री कार्य बंद कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि बार-बार पत्राचार करने के बावजूद अधिकारियों ने इंटरनेट युक्त लैपटॉप उपलब्ध नहीं करवाए बल्कि कर्मचारियों को निजी मोबाइल फोन पर ऐप डाउनलोड कर रिपोर्ट भेजने और महिला कर्मचारियों से लाइव लोकेशन साझा करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
कर्मचारियों को घंटों मोबाइल पर ऑनलाइन कार्य करने को बाध्य कर उनका मानसिक संतुलन बिगाड़ रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि यदि जबरन आदेश बंद नहीं किए गए और लंबित मांगे महिला एमपीएचडब्ल्यू को 4200 ग्रेड पे, शहरी क्षेत्रों में समाप्त पदों की बहाली पूरी नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान राजेश कुमार, शक्ति सिंह घणघस, सुशील कुमार, संदीप सिंह, जितेंद्र सैनी, बिजेंद्र मखण्ड, संतकुमार, पवन श्योकंद, मंजू रानी, सोनिया, आरती देवी, नीलम और अमरजीत मौजूद रहे।