जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को एसपीजी अधिकारियों ने नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की कोर कमेटी के साथ करीब तीन घंटे तक बैठक कर प्रत्येक व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में अस्पताल परिसर से लेकर हेलीपैड, रेलवे जंक्शन, जनसभा स्थल और प्रधानमंत्री के संभावित आवागमन मार्ग पर तैनात की जाने वाली चिकित्सा टीमों और एंबुलेंस की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ब्रह्मदीप भी मौजूद रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं तय समय से पहले पूरी कर ली जाएं। जिन चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई है उन्हें संबंधित साइट का दौरा कराकर प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग, वीवीआईपी मूवमेंट और आपातकालीन स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने पड़ोसी जिलों से आने वाली एंबुलेंस और चिकित्सा स्टाफ को कार्यक्रम वाले दिन सुबह आठ बजे तक जींद पहुंचने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा नागरिक अस्पताल में उपलब्ध सभी एंबुलेंस की सुबह ही विस्तृत जांच कराई गई। ऑक्सीजन सिलेंडर, जीवन रक्षक दवाइयों, मॉनिटर, स्ट्रेचर, संचार उपकरण और अन्य जरूरी चिकित्सा संसाधनों की जांच कर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
प्रधानमंत्री के हेलीपैड, रेलवे जंक्शन, जनसभा स्थल और उनके आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर अलग-अलग स्थानों पर एएलएस और बीएलएस एंबुलेंस तैनात रहेंगी। प्रत्येक एंबुलेंस के साथ प्रशिक्षित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मी मौजूद रहेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। वहीं नागरिक अस्पताल में भी अतिरिक्त चिकित्सकों, विशेषज्ञों और आपातकालीन वार्ड को पूरी तरह तैयार रखा गया है।
वर्जन
सभी एंबुलेंस, चिकित्सकों और चिकित्सा टीमों की अंतिम रिहर्सल कर व्यवस्थाओं का एक बार फिर परीक्षण किया जाएगा, ताकि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह सुचारु और प्रभावी बनी रहें। पीएम के सफल कार्यक्रम के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी तैयारियां पूरी हैं।
-डॉ. सुमन कोहली, सीएमओ नागरिक अस्पताल जींद