स्वाइन फ्लू की वैक्सीन लगवाते डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला। विज्ञप्ति
- फोटो : Jind
देश में पिछले काफी समय से अपने पांव पसार रहे स्वाइन फ्लू से बचाने के लिए वैक्सीन अब नागरिक अस्पताल में भी उपलब्ध हो गई है। पहली बार 130 वैक्सीन की डोज यहां पहुंची है। यह सबसे पहले नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों व ऐसे कर्मचारियों को लगाई जाएगी, जो फ्रंट फुट पर काम करते हैं। बुधवार को डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने वैक्सीन लगवाकर इसकी शुरुआत की। भविष्य में और भी वैक्सीन नागरिक अस्पताल को मिलेंगी।
डॉ. भोला ने कहा कि जींद में अभी तक कोई स्वाइन फ्लू का केस सामने नहीं आया है। इसके बावजूद चिकित्सा अधिकारियों व कर्मचारियों को इससे बचाए रखने के लिए वैक्सीन जरूरी थी। देश के कुछ अन्य हिस्सों में यह वैक्सीन पहले ही लग रही है, लेकिन नागरिक अस्पताल में पहली बार वैक्सीन की 130 डोज आई है। बुधवार को वैक्सीन लगाने का कार्यक्रम शुरू किया गया। डॉ. भोला ने कहा कि स्वाइन फ्लू एक तीव्र संक्रामक रोग है, जो एक विशिष्ट प्रकार के एनफ्लुएंजा वायरस (एच-1 एन-1) द्वारा फैलता है। प्रभावित व्यक्ति में सामान्य मौसमी सर्दी, खासी व जुकाम जैसे ही लक्षण होते हैं, जिनमें नाक से पानी बहना या नाक बंद हो जाना, गले में खराश, बुखार होना, सिरदर्द, शरीर दर्द, थकान, ठंड लगना, पेट दर्द, कभी-कभी दस्त व उल्टी आना शामिल हैं। अगर किसी को अपने शरीर में यह लक्षण दिखाई दें तो तुरंत उपचार करवाएं। इस मौके पर फार्मासिस्ट देवेंद्र, मनजीत सिंह, राजेश, भूपेंद्र मौजूद रहे।