जींद। जेल के पास महिला की गाड़ी रुकवा उसके पति ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। महिला थाना पुलिस ने इस मामले में राजनगर निवासी सतीश के खिलाफ अपनी पत्नी को रास्ते में जबरन गाड़ी रोककर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
महिला प्रियंका ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी सात दिसंबर 2008 को सतीश के साथ हुई थी। उसने घरेलू हिंसा का केस सतीश व उसके परिवार वालों के खिलाफ अदालत में डाल रखा है, जो एसीजेएम कोर्ट में विचाराधीन है। 27 फरवरी को गोहाना रोड बाईपास नजदीक जेल पर वह अपनी गाड़ी से अपने ऑफिस कोर्ट की ओर जा रही थी तभी उसके पति ने उसकी गाड़ी को जबरदस्ती रुकवा लिया और गाली-गलौज की और कहा कि या तो तलाक दे दे नहीं तो आज ही फांसी देकर मार देगा। उसने गाड़ी में भी आग लगाने की धमकी दी।